संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आजादी के 75 वर्ष के अवसर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में पीआरडी के 75 जवानों ने तिरंगा साइकिल यात्रा निकाली। जिसे देव गार्डन से हरी झंडी दिखाकर पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल व सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने रवाना किया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल विभाग शामली एमएस तोमर ने बताया कि पीआरडी जवानों की तिरंगा साइकिल यात्रा देव गार्डन से प्रारंभ होकर माजरा रोड, पुलिस लाइन मंडी समिति शामली से होते हुए मुंडेट कलां, सेंट आरसी स्कूल से होते हुए शहीद उधम सिंह स्टेडियम शामली में संपन्न हुई।
राज्यमंत्री केपी मलिक आज शहर में
शामली। आजादी अमृत महोत्सव के अवसर पर पर्यावरण, जंतु उद्यान व जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री केपी मलिक रविवार को शहर में रहेंगे। शाम 5:30 बजे से रघुनाथ मंदिर पंजाबी कॉलोनी से हनुमान धाम तक विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर स्मृति दिवस का बैनर व राष्ट्रध्वज लेकर मौन पदयात्रा करेंगे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के थानाभवन स्थित गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 15 अगस्त की सुबह 10 बजे सिटी ग्रीन मैरिज होम में सांकृतिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद 11:40 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को फलों का वितरण करेंगे। दोपहर 12:10 बजे ग्राम झाल स्थित अमृत सरोवर पर झंडारोहण व सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। वहां से लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस के लिए रवाना होंगे।