सहारनपुर। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज के बैनर तले सोमवार यानी आज से छह दिवसीय औद्योगिक संगम शुरू होगा। इसमें 16 सरकारी विभागों के उच्च अधिकारी शामिल होंगे।
सीआईएस अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने बताया कि महानगर में पहली बार सीआईएस संवाद-2024 औद्योगिक संगम किया जा रहा है, जो दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में होगा। इसमें उद्यमियों से लेकर स्थानीय अधिकारी और नेताओं के बीच समस्याओं व समाधान को लेकर एक साथ संवाद होगा। जिले के अलावा शामली और मुजफ्फरनगर से भी उद्यमी पहुंचेंगे। उद्योग विभाग, विद्युत निगम, श्रम विभाग, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, अग्निशमन विभाग, नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और विकास प्राधिकरण के अधिकारी शामिल होंगे। रविंद्र मिगलानी ने बताया कि औद्योगिक संगम का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों व व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ ही जो उद्यमी किसी भी प्रकार का नया व्यवसाय या उद्योग शुरू करना चाहते हैं, उनको संबंधित विभागों से रजिस्ट्रेशन एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है। कार्यक्रम की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।