झिंझाना के गांव केरटू में बंद पडी दुकाने
- पुलिस का रातभर चलता रहा दबिश अभियान, आरोपी घर छोड़कर हुए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। हरियाणा पुलिस की टीम पर ग्रामीणों के हमले के दूसरे दिन सोमवार को गांव केरटू में सन्नाटा पसरा रहा। गांव की गलियां सुनसान रही। रात में पुलिस की दबिश के चलते आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों के घरों पर ताले लटके रहे और गांव में अंदर की दुकानें भी बंद रही। गांव के बाहर की तरफ की दुकानें खुली थी।
झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव केरटू में रविवार को हरियाणा की पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर पिस्टल लूट ली थी। हमले में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। इस घटना के बाद जिले की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरापियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी थी। पुलिस टीम पर हमला करने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया था। हमला करने के आरोपी अपने घर से फरार हो गए। रात में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश अभियान चलाया।
पुलिस की दबिश के चलते पुलिस पर हमला करने वाले कई आरोपियों के घरों पर ताले लटके रहे। आरोपियों के पक्ष के लोगों की दुकानें भी बंद रही। गांव की गलियाें में सन्नाटा छाया रहा। लोगों की आवाजाही भी कम होने के कारण चहल-पहल गायब रही। एसपी अभिषेक ने बताया कि पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस पर हमला करने के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये हो चुके पहले गिरफ्तार
रविवार रात को पुलिस ने हारुन पुत्र फीका, श्यान पुत्र राशिद , मुबारिक पुत्र अय्यूब, सुहैल पुत्र सालिम, काला पुत्र अली हसन सभी निवासी गांव केरटू और मोहम्मद अली पुत्र मोहम्मद रफी निवासी गांव बिडौली को गिरफ्तार कर लिया था।