संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर कमेटी धर्मपुरा के तत्वावधान में बैंड-बाजों, ढोल नगाड़े और झांकियों के साथ श्री जी की वार्षिक रथयात्रा शहर के मुख्य मार्गों व बाजारों से धूमधाम से निकाली गई। रथयात्रा का जगह-जगह पर स्वागत किया गया।
श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर मोहल्ला धर्मपुरा से मंगलवार सुबह दस बजे रथयात्रा शुरू हुई जो अजुध्या चौक, बड़ा बाजार, गांधी चौक, शिव मूर्ति, रेलवे रोड, महावीर मार्ग, शुगर मिल रोड, अग्रसेन पार्क, वीवी इंटर कॉलेज रोड और कबाड़ी बाजार होते हुए धर्मपुरा में ही संपन्न हुई। यहां श्री जी का अभिषेक किया गया। रथयात्रा में श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए चल रहे थे। रथयात्रा को लेकर शहर के मुख्य मार्गों व बाजारों को तोरण द्वारों से सजाया गया था। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत व आरती की गई।
उधर, सोमवार रात्रि तालाब रोड स्थित जैन धर्मशाला में एक शाम आदिनाथ प्रभु के नाम भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान रथयात्रा के पात्रों का चयन बोलियों द्वारा किया गया। मुंबई की खुशबू जैन व इंदौर के मयूर जैन आदि कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए। इस दौरान श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संतोष जैन, महामंत्री प्रवीण जैन, कोषाध्यक्ष राजेश जैन, रथयात्रा के मुख्य संयोजक अनिल जैन, संयोजक सचिन जैन व गौरव जैन, कोषाध्यक्ष अंकित जैन आदि मौजूद रहे।
शामली में श्रीजी की रथ यात्रा में नृत्य करते कलाकार।- फोटो : SHAMLI
शामली में श्रीजी की रथ यात्रा में सजी झांकी।- फोटो : SHAMLI
शामली में श्रीजी की रथ यात्रा में झूमते जैन समाज के लोग।- फोटो : SHAMLI