शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य से लगातार अनुपस्थित रहने वाले परीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। डीआईओएस ने करीब 14 परीक्षकाें को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उधर, चौथे दिन 472 परीक्षकाें ने हाईस्कूल की 6030 और इंटर की 2425 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकित की। वहीं 130 परीक्षक अनुपस्थित रहे।
यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से आरके इंटर कॉलेज शामली में चल रहा है। चौथे दिन मूल्यांकन कार्य धीमा रहा। 472 परीक्षकों ने हाईस्कूल की 6030 और इंटर की 2425 कुल 8455 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो पाया। 130 परीक्षक अनुपस्थित रहे। मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक लोकेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक हाईस्कूल की 26671 और इंटर की 12199 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकित हुई हैं। हाईस्कूल की कुल 85108 में 54437 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना बाकी हैं। इसी तरह इंटर में कुल 51180 में 38981 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना शेष है। उधर, जेएस शाक्य ने बताया कि मूल्यांकन कार्य में लगातार अनुपस्थित रहने वाले परीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अब तक करीब 14 परीक्षकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नोटिस के कई परीक्षकों ने जवाब भी भेजे हैं, जिनमें एक ने दिव्यांग बताया है। वहीं कांधला के एक परीक्षक ने अपने पिता को हार्टअटैक आना बताया है। इसके अलावा दो परीक्षक उर्दू हैं, लेकिन इस विषय की उत्तर पुस्तिकाएं न होने का हवाला दिया गया है।