शामली। चार जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्गों पर दुकानदार खाद्य पदार्थों के मनमाने दाम नहीं वसूल सकेंगे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को रेट निर्धारण लिस्ट जल्द से जल्द चस्पा करने को कहा है। चेतावनी दी है कि यदि दुकानदार अधिक रेट वसूलते मिलते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों से अपील की गई है कि वह कांवड़ यात्रा के दौरान किसी से भी शिवभक्त से खाद्य पदार्थों के अधिक दाम नहीं वसूले, रेट लिस्ट जल्द से जल्द चस्पा कराई जाए। प्रयास करें कि शिवभक्तों के साथ मृदु व्यवहार के साथ पेश आएं।
कोई दुकानदार खाद्य पदार्थों के अधिक दाम वसूलता है तो उस पर कार्रवाई भी हो सकती है। रेट लिस्ट से अधिक रुपये वसूलने वालों की चेकिंग के लिए जल्द ही टीमों का भी गठन कराया जाएगा। मातहतों को भी इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
- रोडवेज बसों और ट्रेनों में इमरजेंसी नंबर होंगे चस्पा
कांवड़ के मुख्य मार्गों एवं रोडवेज की बसों, ट्रेनों में इमरजेंसी के सभी नंबर चस्पा कराए जाएंगे। जिनमें पुलिस कंट्रोल रूम नम्बर-100, स्वास्थ्य सेवा 108 फायर ब्रिगेड- 101 तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों के महत्वपूर्ण नंबर के होर्डिंग इत्यादि लगवाए जाएंगे।
- जल्द लगवाए जाएंगे अस्थाई डिवाइडर
कांवड़ मार्ग पर रूट डायवर्जन के लिए जल्द ही अस्थाई डिवाइडर लगाने का कार्य किया जाएगा। जिसके कारण वाहन चालकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले हैंडपंपों के रखरखाव हेतु खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त निर्धारित प्वाइंट पर नगर निकाय के टैंकर भी खड़े करवाए जाने की व्यवस्था कर ली गई है।