नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में जिले के निशानेबाजों ने लहराया परचम
शामली। नई दिल्ली के तुगलकाबाद में डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में पांच से 22 अक्तूबर तक आयोजित 41वीं नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में शामली राइफल क्लब के प्रशिक्षु निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त करने के साथ ही 65वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
ग्राम कासमपुर निवासी किसान रकम सिंह के पुत्र अक्षय जावला ने एयर राइफल वर्ग में 397/400 का स्कोर करते हुए यूथ व जूनियर दोनों वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। जतिन निर्वाल (379/400), वंश चौधरी (369/400), ईशु ढाका (348/400) ने एयर पिस्टल वर्ग में और पार्थ वर्मा (390/400), रितेश शर्मा (385/400), विधान प्रताप सिंह (384/400), अक्षित कुमार (381/400), नक्षत्र अग्रवाल (375/400), अंशुल चौहान (373/400) ने एयर राइफल वर्ग में नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
एयर पिस्टल के निशानेबाज 20 नवंबर से भोपाल (मध्यप्रदेश) व एयर राइफल के निशानेबाज 20 नवंबर से ही त्रिवेंद्रम (केरल) में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम में प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी खिलाड़ी नेशनल प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गए हैं। मंगलवार को क्लब पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर शामली राइफल क्लब अध्यक्ष मुकेश चौधरी, डॉ. विनीत चौहान, तपन मलिक, डॉ. अनुज पंवार, अभिनव निर्वाल, गुलजार, सागर, पीयूष शर्मा, निखिल पुंडीर आदि उपस्थित रहे।