- डीएम ने की जिले की चीनी मिलों की बकाया गन्ना भुगतान की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। डीएम जसजीत कौर ने जिले की चीनी मिलों के अफसरों की बैठक बुलाकर पिछले सत्र 2021-22 और नए पेराई सत्र के बकाया गन्ना भुगतान की समीक्षा की। बकाया गन्ना भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के अफसरों पर नाराजगी प्रकट करते हुए शत-प्रतिशत भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले सत्र का शामली चीनी मिल को 28 फरवरी और थानाभवन चीनी मिल को बीस फरवरी तक संपूर्ण भुगतान करने निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिले की सभी चीनी मिलों के पेराई सत्र 2021-22 के अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान तथा पेराई सत्र 2022-23 के गन्ना खरीद की समीक्षा की गयी। बैठक में डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने पिछले सत्र के गन्ना भुगतान की स्थिति से अवगत कराते हुए अवगत कराया कि पिछले सत्र का शामली मिल पर 45.73 करोड़ रुपये, थानाभवन चीनी मिल पर 23.65 करोड़ कुल मिलकर 68.38 करोड़ रुपये बकाया है। ऊन चीनी मिल पिछले सत्र का शत प्रतिशत भुगतान कर चुका है। नए पेराई सत्र 2022- 23 में जिले की चीनी मिलें 197.73 लाख क्विंटल गन्ना 587.66 करोड़ रुपये का खरीद चुकी है। नए पेराई सत्र में ऊन चीनी मिल 21.13 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को कर चुकी है।
शामली और थानाभवन चीनी मिल नए सत्र म़े अभी तक कोई भुगतान नहीं कर पाई है। जिले की सभी चीनी मिलों पर 566.53 करोड़ रुपये नया गन्ना भुगतान किसानों का बकाया है। जिसमें शामली चीनी मिल पर 155.21 करोड़ रुपये, ऊन चीनी मिल 157 .19 करोड़ रुपये, थानाभवन मिल पर 254.13 करोड़ रुपये बकाया शामिल है। बैठक में डीएम ने शत-प्रतिशत भुगतान ना होने पर चीनी मिलों के खिलाफ नाराजगी प्रकट की। शामली चीनी मिल को 28 फरवरी, थानाभवन चीनी मिल को 20 फरवरी तक भुगतान करने के निर्देश दिए। पेराई सत्र 2021-22 का संपूर्ण भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के ख्रिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने पेराई सत्र 2022-23 के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को नियमानुसार करने को कहा।
बैठक में डीएम जसजीत कौर ने जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह को क्रय केंद्रों की जांच के लिए उप जिलाधिकारी, बाट-माप विभाग तथा गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों की गठित टीम से कराने के निर्देश दिए। चीनी मिलों के संचालित समस्त क्रय केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण घटतौली रोकने के निर्देश दिए। घटतौली की शिकायत आने पर संबंधित चीनी मिलों तौल केंद्रो के विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कार्यवाही करें। गन्ने की फसल को बीमारियों की रोकथाम हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कर कृषकों को नई तकनीकों के बारे में अवगत कराए। टॉप बोरर एवं अन्य बेधक कीटों के निदान के लिए लाइट ट्रेप खेतों में लगाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कराने हेतु निर्देश दिए। बैठक में डीसीओ विजय बहादुर सिंह, शामली एवं चीनी मिल के यूनिट हैड प्रदीप कुमार, गन्ना महाप्रबंधक सुशील कुमार खोखर, एकाउंट हैड विजित जैन, ऊन चीनी मिल ऊन से यूनिट हैड अवनीश कुमार, गन्ना महाप्रबंधक डाक्टर कुलदीप पिलानिया, एकाउंट हैड विक्रम सिंह, थानाभवन चीनी मिल थानाभवन के यूनिट हैड जीवी सिंह, एकाउंट हैड सुभाष बहुगुणा मौजूद रहे।