बिजनौर के दीपक और पास के ही गांव की लड़की का प्रेम प्रसंग करीब दो साल पूर्व शुरू हुआ था। दोनों को एक दूसरे से बात करते हुए परिजनों ने कई बार पकड़ा था। तीन बार पंचायत भी हुई मगर दोनों एक-दूसरे का साथ छोड़ने को तैयार नहीं थे।
लड़के के परिजनों ने बताया कि करीब एक साल पूर्व लड़की के परिजनों को भी मामले की सूचना दी थी। दोनों ने एक दूसरे से बात नहीं करने की बात कही थी। मगर इसके बाद भी दोनों संपर्क में रहे। कक्षा 11 में पढ़ने के दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। फरारी से चार दिन पूर्व भी दोनों को ग्रामीणों ने साथ देखा था।
आईटीआई का छात्र था दीपक
पुलिस के अनुसार, दीपक आईटीआई का छात्र था। वह बिजनौर से ही आईटीआई कर रहा था। युवक के पिता ने बताया कि लड़के ने पिछले साल इंटर की थी। लड़की भी उसी कॉलेज में पढ़ती थी। लड़का अंबाला में लिफ्ट बनाने का काम सीख रहा था और नौकरी भी कर रहा था। इसी कारण वह लड़की को लेकर सीधा अंबाला ही पहुंचा था।
पिता ने बेटे की हत्या करने की दी तहरीर, कई बार बदली तहरीर
दीपक के पिता अरविंद कुमार ने शहर कोतवाली में तहरीर दी कि सोमवार सुबह उसे स्योहारा थाने बुलाकर बताया कि उसके लड़के दीपक की शामली में मृत्यु हो गई। शामली कोतवाली पहुंचने पर उसे जानकारी हुई कि पुत्र को स्योहारा थाने में तैनात दरोगा सुनील कुमार, कांस्टेबल राजीव कुमार व अन्नू के साथ उसके पुत्र को अपने आवास पर रखा, जहां उसके पुत्र की हत्या कर दी गई।
उसे शक है कि प्रेमिका, उसके पिता, ममेरा भाई समेत चार लोगों ने मिलकर दरोगा के घर पर हत्या कर दी। पुलिसकर्मियों की भी मिलीभगत रही। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई कर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजन तहरीर को बार-बार बदल रहे हैं। अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है।