कांधला रोड पर शनिवार रात हुई दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक किशोर सहित दो की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
यह हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ, जब मोहल्ला अफगानान निवासी चिनाई मजदूर 22 वर्षीय जावेद उर्फ अजीम अपने साथी सलमान और जुनैद के साथ कांधला में मेला देखकर बाइकों पर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान ऊंचा गांव के पास उनकी बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में चारों युवक घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर 15 वर्षीय आहद की सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, 22 वर्षीय जावेद उर्फ अजीम ने भी अस्पताल में कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल सलमान और जुनैद को डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में एक किशोर सहित दो लोगों की मौत हुई है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से मृतक के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।