शामली की टीम ने मुजफ्फरनगर को 64 रन से हराया
शामली। मेपल्स एकेडमी में चल रहे अंतरजनपदीय अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट में दूसरे दिन मुजफ्फरनगर को हराकर शामली की टीम विजयी रही।
उप्र क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से आयोजित अंतरजनपदीय अंडर 16 किक्रेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन मंगलवार को मुजफ्फरनगर व शामली जिले के टीमों के बीच मुकाबला हुआ। शामली जिले की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 45 ओवर में शामली की टीम ने 10 विकेट खोकर 169 रनों का लक्ष्य मुजफ्फरनगर जिले की टीम के सामने खड़ा किया। जवाब में मुजफ्फरनगर जिले की टीम 26.4 ओवर में मात्र 105 रन पर सिमट गई। शामली जिले की टीम 64 रन से मैच में विजयी रही। क्रिकेट टूर्नामेंट में दूसरे दिन के खेल की विजेता टीम को स्कूल प्रबंधक मुकेश संगल ने बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को स्वस्थ खेल भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर क्रिकेट कोच विनय कुमार, सन्नी सिंह, नागेंद्र खैवाल, सन्नी धीमान, राकी देशवाल, फरमान, आजम खान, पंकज कालखंडे, विकेंद्र निर्वाल व मोहम्द सादिक, उप्र एसोसिएशन की तरफ से मोहम्मद असलम एंपायर, राहुल सिंह व नीरज चौधरी आब्जर्वर मौजूद रहे।