- एक अनुबंधित बस को शामली से हरिद्वार तक किया जाएगा संचालित
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। यूपी रोडवेज के शामली डिपो में अनुबंधित बसों की संख्या 40 पहुंच गई है। डिपो को 16 अतिरिक्त अनुबंधित बसें मिली है। बसें मिल जाने से सभी अनुबंधित बसों को दिल्ली- शामली, सहारनपुर,पानीपत- शामली, बिजनौर, मेरठ-शामली, और शामली गंगोह सहारनपुर मार्ग पर रूट पर चलाया जाएगा। अनुबंधित बसों में एक बस को शामली से हरिद्वार तक संचालित किया जाएगा। शामली- हरिद्वार मार्ग पर अनुबंधित बसों की समय सारिणी बनाई जा रही है।
जिला बनने के बाद शामली डिपो से 24 अनुंबंधित बसों का सालों से संचालित हो रहा था। सहारनपुर रीजन में पिछले दिनों 16 नई बसों का अनुबंध किया गया। 16 नई बसों का अनुबंध हो जाने के बाद शामली डिपो को सभी बसें हस्तांतरित कर दी गई। शामली डिपो में आईं बसों को सहारनपुर, लोनी, मेरठ, गंगोह, पानीपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नकुड मार्ग पर चलाया जाएगा। एआरएम अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि 16 नई बसों की समय सारिणी जारी कर दी गई है। अनुबंधित बसों में एक बस का शामली से हरिद्वार तक संचालित किए जाने का अनुबंध हुआ है। शामली से हरिद्वार के लिए अनुबंधित बस का समय तय किया जा रहा है। 16 अनुबंधित बसों का संचालन होने से सवारियों को सुविधा मिलेगी, उनका सफर आसान होगा।
मिनी बसों की आय हुई प्रभावित
यूपी रोडवेज बस डिपो में 16 अतिरिक्त अनुबंधित बसों का संचालन होने से शामली-लोनी मार्ग पर 49 मिनी बसों की आय प्रभावित हुई है। शामली- लोनी मिनी बस यूनियन के अध्यक्ष सुरेश राणा ने बताया कि लोनी- शामली मार्ग पर अनुबंधित बसों के अलावा लोनी, बडौत, सहारनपुर डिपो की 100 से ज्यादा बसों का संचालन होने से मिनी बसों की आय प्रभावित हो रही है।