थानाभवन पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पांच दिन पहले मिल कर्मचारी से बाइक लूटने वाले दो आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और लूटी गई बाइक बरामद हुई है।
18 जनवरी को थाना थानाभवन क्षेत्र में गांव तितारसी चौराहे पर कपिल उर्फ कामिल निवासी गांव मोर माजरा से बाइक सवार तीन आरोपियों ने मोटरसाइकिल, मोबाइल और बैग लूट लिया था। उस समय कामिल शुगर मिल में ड्यूटी पर जा रहे थे।
बृहस्पतिवार रात थानाभवन पुलिस द्वारा ग्राम मुल्लापुर से ग्राम मसावी को जाने वाले चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुठभेड़ में राहुल पुत्र धर्मवीर व सुनील पुत्र राजकुमार निवासी कानूनगोयान तीतरो जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। राहुल पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए सीएचसी थानाभवन भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के तीसरे साथी विशू पुत्र मिन्टू निवासी मोहल्ला कानूनगोयान कस्बा व थाना तीतरो जनपद सहारनपुर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।