शामली। साइबर ठग रोजाना ही ठगी के लिए अलग-अलग तरह के तरीके निकाल रहे हैं। सैलरी एडवांस देने और बिना दस्तावेज के लोन देने का झांसा देकर भी लोगों से ठगी की जा रही है। पुलिस के पास भी इस तरह के मामले पहुंचे है। एसपी ने लोगों से साइबर ठगों के बहकावे में नहीं आने की अपील की है। साथ ही, साइबर ठगों की शिकायत पुलिस से करने को कहा है।
पुलिस के पास रोज एक से दो शिकायतें पहुंच रही हैं, जिनमें लोन दिलाने अथवा सैलरी एडवांस देने का झांसा देकर ठगी की जा रही है। पीड़ितों ने पुलिस को दी शिकायतों में बताया कि उनसे लोन एप डाउनलोड करा लिया। इसके बाद उनका मोबाइल हैक कर लिया। आरोपियों ने उनके मोबाइल से कॉटेक्ट लिस्ट चोरी कर ली। इसके बाद अश्लील वीडियो पर उनका चेहरा लगाकर उन्हें ब्लैक मेल किया जा रहा है। रकम जमा न करने पर वीडियो वायरल करने की धमकियां दी जा रही है। इसके लिए साइबर ठगों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आइडी बनाई हुई है। इसके अलावा शामली के नौकरीपोशा के पास साइबर ठग ने एक लिंक भेजा । कॉल कर कहा कि वह कंपनी से बोल रहे हैं, इस बार तुम्हें एडवांस सैलरी दी जाएगी। लिंक पर क्लिक करते ही एक ओटीपी मोबाइल पर भेजा गया। इसके बाद नौकरीपेशा युवक के खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। एसपी अभिषेक का कहना है कि अब साइबर ठग सैलरी एडवांस देने का झांसा देकर भी ठगी कर रहे हैं। लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि ठगों के बहकावे में कतई नहीं आए। ठगों को पकड़ने के लिए टीम को लगाया गया है, जल्द ही ठग पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
किसी भी तरह के ऑफर और लालच में ना आएं
अनजान व्यक्ति से फोन पर बात कर उसके बहकावे में ना आएं
अच्छी तरह जांच करने के बाद ही किसी भी बैंक खाते में राशि डालें।
फेसबुक, ट्विटर आईडी का पासवर्ड स्ट्रांग रखें, सरल पासवर्ड न रखें।
कोई रुपयों की मांग करता है, तो पहले जांच लें या मेसेज करने वाले से फोन पर संपर्क करें।
बैंक कर्मचारी कभी भी फोन पर डिटेल्स नहीं मांगते हैं।
अनजान नंबर से भेजे गए क्यूआर कोर्ड या लिंक पर क्लिक नहीं करें।