गढ़ीपुख्ता कस्बे के मोहल्ला सुभाषपुरी निवासी शिवम (24) की मौत हो गई। परिजनों ने मोहल्ले के युवक पर घर से बुलाकर ले जाने और कुछ खिलाकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुभाषपुरी निवासी विनोद ने गढ़ीपुख्ता थाने पर दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे उसके बेटे शिवम को मोहल्ले का प्रयास अपने साथ झिंझाना ले गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे शिवम को मृत अवस्था में प्रयास उसे घर पर छोड़ गया।
विनोद ने आशंका जताई कि उसके बेटे को कुछ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।