थानाभवन। कुतुबगढ़ गांव में बुधवार को निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम ने अनियमितता मिलने पर शराब के ठेके पर सील लगा दी।
मंगलवार को क्षेत्र के गांव कुतुबगढ़ की महिलाओं ने गांव के बाहर स्थित देेसी शराब के ठेके पर जमकर प्रदर्शन किया था। इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायत भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत पर बुधवार को उपजिलाधिकारी संदीप जैन मौके पर पहुंचे और ठेके की जांच पड़ताल की। इस दौरान ठेके पर होने वाली बिक्री और खरीद रजिस्टर अव्यवस्थित पाए गए, जिसके बाद एसडीएम ने ठेके पर सील लगा दी। एसडीएम ने बताया कि अनियमितताएं मिलने के बाद ठेके के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आबकारी के निरीक्षक दिनेश्वर नाथ त्रिपाठी को ठेके की 17 पेटी देसी शराब दूसरे स्थान से बरामद हुई। जिसके बाद विभाग ने शराब को कब्जे में लेते हुए थाने में ठेके के मालिक रूपचंद सैनी निवासी कुतुबगढ़ और सेल्समैन कपिल राणा निवासी ख्यावड़ी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।