ऊन क्षेत्र के गांव टोडा में अवैध निर्माण हटवाती एसडीएम निकिता शर्मा।
ऊन। गांव टोड़ा में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत नाली निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। एसडीएम निकिता शर्मा ने मौके से अवैध निर्माण हटवाकर विवाद का निस्तारण कराया और ठेकेदार को नाली बनाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत ऊन से जिजौला तिराहे तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है। गांव टोडा में सड़क के पास आबादी वाले स्थान पर नाली का निर्माण भी किया जाना है। जिसे लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे का अतिक्रमण हटवाने पर अड़े हुए थे। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम निकिता शर्मा मौके पर पहुंची। उन्होंने दोनों पक्षों का अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिया। ठेकेदार को दीवार से सटाकर यू टाइप के स्थान पर एल टाइप की नाली बनाने के निर्देश देते हुए विवाद का निस्तारण कराया। इस संबंध में एसडीएम निकिता शर्मा ने बताया कि नाली को लेकर दो पक्षों में विवाद था अतिक्रमण हटवाकर एल टाइप की नाली बनाने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद