संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल में तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर शनिवार को संपन्न हुआ। यहां विद्यार्थियों ने सुंदर तंबू का निर्माण किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों की पोशाक पहनकर तथा वहां के व्यंजन बनाकर रोमांच का अनुभव किया।
स्कूल में चल रहे स्काउट एवं गाइड शिविर के तीसरे दिन विद्यार्थियों ने तंबू का निर्माण करके कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान भारत के 17 विभिन्न राज्यों केरल, अरुणाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश आदि राज्यों की पोशाक पहनी। वहां के व्यंजन बनाकर अत्यंत रोमांच का अनुभव किया। विद्यार्थियों ने उन राज्यों के लोकगीतों पर नृत्य कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यहां प्रधानाचार्या मीनू संगल ने कहा कि स्काउट एवं गाइड का उद्देश्य नवयुवकों की शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, सामाजिक तथा आध्यात्मिक क्षमताओं का विकास करना होता है। विद्यार्थियों में अनुशासन एवं सौहार्द की भावना का विकास करने के लिए हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड एसोसिएशन मेरठ के एसओसी अंकित चौधरी, रिंकी और दीपशिखा की देखरेख में तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वयं को देश का जिम्मेदार नागरिक बनने के नियमों, उद्देश्य एवं महत्व के बारे में जानकारी ली।
स्कूल के निदेशक भारत संगल ने विद्यार्थियों द्वारा स्काउट एवं गाइड शिविर में किए प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड अनुशासित रहकर किसी भी परिस्थिति में दूसरों की सहायता करने के लिए हमेशा तैयार रहता है। वे मन, वचन और कर्म से शुद्ध रहकर सच्ची निष्ठा से कर्तव्य पूरा करता है। यहां आदित्य कुमार, आरपीएस मलिक, विकास खैवाल, अर्जुन सिंह, सारिका, आंचल धीमान, निशा शर्मा, सुरक्षा, कविता एवं दीपा आदि मौजूद रहे।
शामली में सेंटआरसी स्कूल में स्काउट गाइड शिविर के समापन पर कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं।- फोटो : SHAMLI
शामली सेंट आरसी स्कूल में स्काउट गाइड शिविर के समापन पर कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं।- फोटो : SHAMLI