शामली। छात्र-छात्राओं के सपने पूरे करने में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति मददगार रहेगी। इसके लिए छात्र-छात्राएं 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने छात्र-छात्राओं से आवेदन करने का आह्वान किया है।
इस वर्ष 9वीं व 10वीं में पढ़ने वाले प्रादेशिक बोर्ड के 23 विद्यार्थियों को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति दी जाएगी। इन विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये मिलेेंगे। जबकि 11वीं और 12 वीं के 23 विद्यार्थियों को 75-75 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। कुल मिलाकर 46 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसलिए जनपद के सभी पात्र विद्यार्थी 15 सितंबर तक समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ जरूर ले।
यह होंगे आवेदन के पात्र
9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं में पढ़ने वाले केवल वहीं विद्यार्थी आवेदन के पात्र हैं, जिन्होंने परीक्षा में न्यूनतम 60 फीसदी अंक प्राप्त किए हो, पारिवारिक आय दो लाख से कम हो।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुरू की गई अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति होनहारों के लिए शिक्षा में मददगार साबित होगी। इसमें अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को भागीदारी के लिए आवेदन करना चाहिए। - लोकेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य आरके इंटर शामली
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति में भागीदारी के लिए छात्र-छात्राओं को अपना ऑनलाइन आवेदन करना चाहिए। परीक्षा में शामिल होने से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। पास होने पर छात्रवृत्ति की राशि मिलेगी, जो भविष्य में पढ़ाई में काफी मददगार होगी।- अमित मलिक, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल पावटीकलां।
पढ़ाई के लिए जहां मेहनत की जरूरत होती है, वहीं कई छात्र-छात्राएं धनराशि के अभाव में पढ़ाई बीच में छोड़ देते हैं, ऐसे छात्र-छात्राएं अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा पास कर अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं। - एसके आर्य, प्रधानाचार्य वीवी इंटर कॉलेज शामली