शामली। जनपद में संस्कृत बोर्ड की परीक्षा कड़ी निगरानी में कराई गई। परीक्षा के लिए जनपद में गांव बहावड़ी के जनता वैदिक इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। पहले दिन संस्कृत विषय की परीक्षा हुई, जिसमें तीन परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक जेएस शाक्य ने बताया कि बृहस्पतिवार से माध्यमिक शिक्षा परिषद की तर्ज पर संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि जनपद के लांक गांव में एक ही संस्कृत विद्यालय है। इसकी परीक्षा के लिए गांव बहावड़ी के जनता वैदिक इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यह परीक्षा 15 फरवरी से 29 फरवरी तक होनी है। बृहस्पतिवार को पूर्व मध्यमा द्वितीय-10वीं, उत्तर मध्यमा प्रथम-11वीं और उत्तर मध्यमा द्वितीय-12वीं कक्षा की परीक्षा हुई। पहले दिन अनिवार्य संस्कृत विषय की परीक्षा हुई, जिसमें पूर्व मध्यमा द्वितीय-10वीं में 31 परीक्षार्थी, उत्तर मध्यमा प्रथम-11वीं में 22 ने परीक्षा दी। वहीं तीन परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में उत्तर मध्यमा द्वितीय-12वीं की अनिवार्य संस्कृत विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा में 7 परीक्षार्थी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को 10वीं की चित्रकला और 12वीं की इतिहास, पुराण व संस्कृति विषय की परीक्षा होगी।