शामली, जलालाबाद। क्षेत्र के ग्राम दखोड़ी जमालपुर से सहारनपुर पुलिस सोमवार देर रात तीन युवकों को ले गई। बताया गया है कि लूट के मामले में पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए ले गई है। गांव दखोड़ी जमालपुर में बंजारा बस्ती में सोमवार देर रात कई गाड़ी से पुलिस पहुंची। पुलिस दो घरों में दबिश देकर तीन युवकों को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। ग्रामीणों के अनुसार परिजनों द्वारा हल्का विरोध किया गया। इस दौरान मोहल्ले के लोग अपने घरों से बाहर आ गए थे, लेकिन पुलिस के सामने परिजनों का विरोध काम नहीं आ सका। गांव में चर्चा है कि किसी बड़ी लूट के मामले में पुलिस युवकों को ले गई। बताया गया है पुलिस पहले से पकड़े गए एक युवक को साथ लेकर आई, जिसकी निशानदेही पर घरों में दबिश दी गई। इस दौरान मौके से नकदी बरामद होने की भी चर्चा है। थानाभवन पुलिस ने दूसरे जनपद का मामला बताकर जानकारी होने से इंकार कर दिया। एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि सहारनपुर पुलिस द्वारा तीन युवकों को लूट के किसी मामले में ले जाने का मामला जानकारी में आया है। हालांकि सहारनपुर पुलिस की तरफ से उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई है। संवाद