शामली जिले के ऊन कस्बे में बाईपास मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे महिला का शव पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक महिला की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं और नाक से खून बह रहा था। अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी निर्मम हत्या की गई है। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव के पास से एक नारियल, 100 रुपये का नोट, दवाइयां व पालक के पत्तों से भरी एक पॉलिथीन बरामद की है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष झिंझाना वीरेंद्र कसाना, चौकी प्रभारी और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जो जांच में सहायक होंगे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह का कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।