शामली। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना में शामली नगर पालिका परिषद ने अगले चार साल में 16 करोड़ आठ लाख 70 हजार रुपये विकास कार्यों पर खर्च करने की योजना बनाई है। प्रस्ताव स्थानीय नगर निकाय के निदेशक को भेजा गया है। वहीं, गृह और जलकर पर पांच प्रतिशत की छूट 30 सितंबर तक जारी रहेगी। शुक्रवार को नगर पालिका में कर्मचारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
शुक्रवार को नगर पालिका परिषद के कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में चेयरमैन अरविंद संगल ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना में अगले चार साल की 16 करोड़ 8 लाख 70 हजार की विकास योजना तैयार की है। जिसमें पालिका के नवीन कार्यालय भवन पर तीन करोड़ बीस लाख दस हजार रुपये, डिजिटल पुस्तकालय भवन निर्माण के लिए एक करोड़ 99 लाख 95 हजार रुपये, बरात घर पर दो करोड़ 79 लाख 90 हजार रुपये, बहुउद्देशीय स्थल पर एक करोड़ बीस लाख रुपये, मनोरंजन पार्क पर 78 लाख बीस हजार रुपये, टाउन हाल पर 85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
घाट संरक्षण केंद्र और कायाकल्प पर 70 लाख रुपये, बुक कैफे पर 90 लाख 85 हजार रुपये, हेरिटेज स्ट्रीट एवं भवन संरक्षण में 80 लाख रुपये, नगरीय कला सजावट और स्ट्रीट फर्नीचर पर 80 लाख रुपये, पुनर्वास कल्याण केंद्र और योगशाला पर 70 लाख 50 हजार, कौशल विकास केंद्र पर 54 लाख 20 हजार, निराश्रित गृह, रैन बसेरा निर्माण पर 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बैठक में तय किया गया कि नगर पालिका की ओर से गृह और जल कर टैक्स में पांच प्रतिशत की छूट दी जा रही है उसे 30 सितंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। नगर क्षेत्र में जो खाली प्लाॅट है, जिनकी बाउड्रीवाल नहीं हुई है। उनको पानी का कनेक्शन बाउड्रीवाल कराने के पश्चात देने की बात भी तय की गई। ।
बैठक में यह रहे मौजूद
इस दौरान सभासद आशीष गुप्ता, अवर अभियंता सिविल श्रीकांत सिंह राणा, अवर अभियंता जलकल विशाल सिंह तोमर, सफाई निरीक्षक आदेश सैनी, अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मण सिंह, प्रदीप, आजम खां, राकेश कुमार, मदनपाल आदि मौजूद रहे।