चौसाना में व्यापारी से हुई लूट का खुलासा, डेढ़ लाख बरामद
शामली, चौसाना। थानाभवन मार्ग पर चौसाना के किराना व्यापारी से दो अक्तूबर को हुई ढाई लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से डेढ़ लाख की नकदी, लूट में प्रयुक्त बाइक, एक तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए हैं।
चौसाना के गंगोह तिराहे पर दुकान करने वाले किराना व्यापारी हरिओम से दो अक्तूबर को घर लौटते समय ढाई लाख की नकदी से भरा बैग तमंचे के बल पर लूट लिया था। लूट के खुलासे के लिए सीओ अमरदीप मौर्या के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए विशाल उर्फ आशु उर्फ जोजो, अनीश उर्फ अमित और रजत निवासी सलारपुर थाना गंगोह जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से लूटी गई रकम में से डेढ़ लाख की नकदी व हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि अमित व रजत दोनों भाई हैं और मुखबिर की मदद से बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। व्यापारी के पास इतनी बड़ी रकम थी इस बात की जानकारी स्थानीय ही किसी व्यक्ति के पास हो सकती है, जिसका पुलिस ने कोई खुलासा नहीं किया।
दो भाइयों ने दिया लूट को अंजाम
चौसाना। पकड़े गए लुटेरों में रजत व अमित दोनों भाई हैं, जो नशे के आदी हैं। परिवार की आर्थिक हालात भी खराब है। परिजनों ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के कारण दोनों को घर से निकाला हुआ है। दोनों भाइयों ने पैसे की कमी होने पर चौसाना के व्यापारी हरिओम की रेकी कराई। जिसके बाद लूट को अंजाम दिया गया।