शामली। जिले में हुई बारिश से जगह-जगह पर सड़कें उखड़ गई हैं और गहरे गड्ढे बन गए हैं। सड़कों में गड्ढे बनने से हादसा होने का खतरा बना हुआ है। क्षतिग्रस्त सड़कों पर वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शामली-भौंराकलां मार्ग पर गांव कुड़ाना कलां बस स्टैंड के पास सड़क के बीच में गहरा गड्ढा बना हुआ है। ग्रामीण संदीप व हरकुमार का कहना है कि पहले यह छोटा गड्ढा था। बारिश होने के बाद जलभराव होने से सड़क टूटने से बड़ा गड्ढा बन गया है। इस गड्ढे में वाहन गिरने से लोग घायल हो चुके हैं। कई वाहन गड्ढे से बचते समय आपस में टकरा चुके हैं।
दिल्ली रोड पर बैंक्वेट हाल के पास सड़क के बीच में गड्ढ़ा बना हुआ है। इस गड्ढे में वाहन गिरकर घायल हो रहे हैं। झिंझाना रोड पर भी बारिश में सड़क उखड़ने से गड्ढे बन गए हैं।
मेरठ-करनाल हाईवे पर रेलवे फाटक व सिंभालका गांव के बीच में जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। कई जगह पर जलभराव होने से सड़क टूट रही है। गड्ढों में पानी भरा होने से लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है। गांव सिंभालका निवासी राजीव ने बताया कि कई बार गड्ढों में गिरकर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। मेरठ-करनाल हाईवे पर बाईपास के अंदर शहर की तरफ निर्माण के लिए बजट जारी हो चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण शुरू नहीं हो पाया।
शहर में रेलपार बाईपास भी क्षतिग्रस्त है। स्टेशन के निकट बाईपास पर गहरा गड्ढा बना हुआ है। इसके अलावा भी कई छोटे बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इससे लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बाईपास का निर्माण कराने के लिए नगरपालिका ने टेंडर निकाला है, लेकिन अभी निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। पालिका के अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह का कहना है कि बरसात के बाद बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा कैराना रोड पर मंदिर से आगे बारिश का पानी भरने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है।
कुड़ाना से काबड़ौत मार्ग खस्ताहाल
गांव कुड़ाना से काबड़ौत जाने वाली सड़क का बुरा हाल है। पिछले काफी समय से सड़क पर दिल्ली-देहरादून हाईवे पर चल रहे कार्य को लेकर डंपरों से मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था, जिस कारण पूरी सड़क में गड्ढे बन गए है। खेतों में भैंसा बुग्गी लेकर जाने वाले किसान काफी परेशान है। किसान नीरज व सतबीर का कहना है कि सड़क पर पत्थर उखड़ने से भैंसे के पैर में घुसने से पैर खराब हो सकता है। मिट्टी कार्य अब बंद हो चुका है, लेकिन एक माह बाद भी सड़क की कोई सुध नहीं ले रहा है। मुख्य मार्ग पर भी डंपरों के मुड़ने से आधी सड़क में गड्ढा हो गया है, जिस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
डेरी चौक से सीएचसी तक सड़क में बने गड्ढे
कस्बे के डेरी चौक से लेकर ऊन रोड स्थित सीएचसी तक सड़क में जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। जिसमे लोक निर्माण विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा से दो दिन पूर्व गड्ढों में रोडी डलवाई थी, जो बरसात में बह गया। कस्बे के डेरी चौक, शैखा मैदान, बिड़ौली बस स्टैंड, एसबीआई के सामने तथा मैन बस स्टैंड से लेकर सीएचसी तक गड्ढों में पानी भरा हुआ है। सड़क से गुजरने वाले सभी को असुविधा हो रही है।
जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त हुई या गड्ढे बने हुए हैं, उनकी जानकारी कर उन्हें ठीक कराया जाएगा।
दीपेंद्र देशवाल, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी
शामली मेरठ करनाल मार्ग पर गांव सिम्भालका पर टूटी सडक पर भरा पानी । संवाद