शामली। बाबरी थानाक्षेत्र में बुटराडा-लोई नहर मार्ग पर गड्ढे में बाइक से उछलकर गिरी महिला की मौत हो गई। इस हादसे में महिला की गोद से एक वर्षीय बच्चा सड़क किनारे कच्चे मार्ग पर गिरने से बच गया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना महिला के शव को अपने साथ ले गए।
झिंझाना क्षेत्र के गांव मंसूरा निवासी शहजाद की बाबरी थानाक्षेत्र के गांव बुटराड़ा में ससुराल है। मंगलवार को शहजाद अपनी पत्नी गुलिस्ता व एक वर्षीय बेटे को लेकर बाइक से रिश्तेदारी में मेरठ के सरधना गए थे। देर शाम को सरधना से लौटते समय जब वे बुटराडा-लोई नहर मार्ग पर कांजरहेड़ी से थोड़ा आगे फैक्टरी के निकट पहुंचे तो बाइक का पहिया सड़क में बने गड्ढे में अचानक गिर गया, जिससे बाइक असंतुलित हो गई और पीछे बैठी गुलिस्ता उछलकर सड़क पर गिरने से गंभीर घायल हो गई जबकि महिला के गोद से उछलकर सड़क किनारे कच्चे मार्ग पर जा गिरा। शहजाद ने इसकी सूचना अपनी ससुराल और परिजनों को दी। इसके बाद बुटराड़ा से परिजन पहुंचे और महिला व बच्चे को चिकित्सक के यहां ले गए, जहां से महिला को शामली रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई। रात में ही परिजन शव को गांव मंसूरा ले गए। बाबरी थाना प्रभारी ने बताया हादसे में महिला की मौत होने का मामला जानकारी में आया है, लेकिन इस मामले में परिजनों की तरफ से कोई सूचना नहीं दी गई है।