रालोद का जिले की तीनों तहसीलों पर धरना-प्रदर्शन 28 को
शामली। बकाया गन्ना भुगतान व बढ़ती महंगाई समेत अन्य मुद्दों को लेकर रालोद जिले की तीनों तहसीलों में 28 अगस्त को धरना-प्रदर्शन करेगी।
जिलाध्यक्ष मुकेश सैनी ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर बकाया गन्ना भुगतान व पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते मूल्यों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक में कार्यक्रम के लिए सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। सभी अपने सेक्टरों में धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए जुट जाएं। प्रदेश महासचिव ऋषिराज राझड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने छपरौली में किसान मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के संबंध में जो अमर्यादित टिप्पणी की है, उससे पूरे प्रदेश के किसानों और युवाओं में रोष व्याप्त है। रालोद हर स्तर पर इस टिप्पणी की निंदा करती है। मौके पर अरविंद झाल, विपिन वाल्मीकि, वेदपाल गहलौत, सर्वेश कुमार, अशरफ अली, अब्दुल वारिस राव, अखिल बंसल, योगेंद्र चेयरमैन, प्रसन्न चौधरी, डॉ. विक्रांत जावला, हरेंद्र ताना, सतेंद्र मालेंडी, जाहिद मौजूद रहे।