कांधला। रिटायर्ड नायब सूबेदार व उसके भाई विश्व हिंदू परिषद के जिला धर्म प्रसार प्रमुख ने गांव निवासी युवकों से जान माल का खतरा बताते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव सुन्ना निवासी सेवानिवृत्त नायब सूबेदार रवि प्रकाश व विश्व हिंदू परिषद के जिला धर्म प्रसार प्रमुख रवि चंद ने थाने में अलग-अलग शिकायती पत्र देते हुए बताया कि 12 जून को उनके घेर के पास सुरेश व तेजपाल पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था। इस घटना के समय रवि चंद अपने पिता पाल सिंह के साथ घेर में मौजूद था। उसी समय सुरेश पक्ष के कई व्यक्ति हाथों में लाठी-डंडे व फावड़े लेकर ग्रामीणों के पीछे भागे। जिस पर उन्होंने बीच-बचाव कराने का प्रयास किया तो सुरेश पक्ष के लोगों ने रवि चंद व उसके पिता पाल सिंह के साथ गाली-गलौज कर दी। जिसकी किसी ने वीडियो बना ली थी। उसी दिन से सुरेश पक्ष के लोग गांव से फरार हैं और मेरठ में रह रहे हैं। आरोप है कि इन लोगों ने गांव निवासी कुलदीप के पास फोन करके दोनों भाइयों को गोली मारने की धमकी दी है, जिससे उनका परिवार दहशत में है। पीड़ितों ने तहरीर देकर कार्रवाई व उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।