कैराना (शामली)। यूपी क्षेत्र से जबरदस्ती रेत का डंपर हरियाणा में ले जाकर 86 हजार का चालान करने के मामले में सीओे ने एसपी शामली के माध्यम से हरियाणा राज्य प्रवर्तन के एसआई सहित चार के विरुद्ध पानीपत एसपी को रिपोर्ट भिजवाई है। आरोप है कि हरियाणा के अधिकारियों ने अपने कार्य क्षेत्र से बाहर यूपी की सीमा में जाकर डंपर ले जाने व चालान करने के मामले में गलत तरीके से ड्यूटी का निर्वाह किया है।
19 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एसआई महावीर सिंह, एएसआई कुलदीप व रोशन लाल तथा गाड़ी चालक प्रदीप यमुना पुल पार करके यूपी के कैराना क्षेत्र में आए और मामौर खनन पाइंट से गोरखपुर जा रहे रेत के डंपर को कब्जे में ले लिया। जिसके बाद टीम डंपर को हरियाणा ले गई तथा समालखा ले जाकर डंपर का 86 हजार का चालान कर दिया। आरोप है कि हरियाणा के अधिकारियों ने चालक की नकदी भी ले ली। अगले दिन डंपर मालिक दिलशाद निवासी मुजफ्फरनगर ने शामली में उच्चाधिकारियों को शिकायत की। जिसके बाद एसपी अभिषेक ने मामले की जांच कैराना सीओ अमरदीप मौर्य को सौंप दी थी। मामले में रविवार को पुलिस ने हरियाणा नंबर की पुलिस लिखी बुलेरो गाड़ी भी सीज कर दी। जो हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की थी।
सीओ ने जांच के दौरान यमुना पुल पुलिस चौकी पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो उक्त गाड़ी में सवार टीम डंपर को हरियाणा ले जाती हुई दिखाई दे रही थी। इस मामले में एसपी ने चारों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी।