तीन दिन पहले आरोपियों ने धारदार हथियार व लोहे की रॉड से किया था हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दीनदयाल में तीन दिन पहले एक युवक को चार लोगों ने घेर लिया था। उस पर धारदार हथियार व लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने घायल के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला दीनदयाल स्थित माता मंदिर निवासी कंवरपाल उपाध्याय ने बताया कि उसका पुत्र अक्षय बीती बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे माजरा रोड से घर लौट रहा था। वह नाला पटरी से घर की गली में पहुंचा तो पीछे से आए शांतिनगर निवासी अनिल कश्यप, अनित कश्यप, अनमोल तथा गांव घसौली निवासी किरता ने उसे रोक लिया। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उससे गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोपियों के इरादे भांपकर भागने की कोशिश परंतु उन्होंने लोहे की रॉड व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद भी आरोपी उस पर लोहे की रॉड से हमला करते रहे। जिसे देख आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस बाबत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि युवक पर हमला करने वाले चार आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश की जा रही है।