- किसान नेता को सीएमओ कार्यालय पर भ्रष्टाचार की शिकायत पर धमकी देने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
झिंझाना। किसान नेता को फोन पर गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में पुलिस ने किसान नेता की तहरीर पर स्वास्थ्य विभाग में तैनात टीबी-एचआईवी पर्यवेक्षक समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। किसान नेता का आरोप है कि सीएमओ ऑफिस में फर्जी तरीके से भर्ती की शिकायत करने पर उन्हें धमकी मिली है। जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
खोड़समा गांव निवासी किसान नेता विनोद निर्वाल ने शनिवार शाम पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि शामली रेलपार निवासी सतपाल पुत्र आशाराम ने उन्हें फोन पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। आरोप है कि कुछ दिन पहले सीएमओ कार्यालय में भ्रष्टाचार व में फर्जी तैनाती को लेकर उन्होंने शिकायत की थी। जिसमें सीएमओ कार्यालय में तैनात टीबी-एचआईवी पर्यवेक्षक विपिन गुप्ता पुत्र अतुल कुमार गुप्ता की जांच चल रही है। आरोप है कि विपिन गुप्ता ने फोन पर सतपाल से मामले से अलग रहने की धमकी दिलवाई। जिससे उसे जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विपिन गुप्ता व सतपाल के रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया विनोद निर्वाल की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।