शामली। शहर के मोहल्ला दयानंदनगर में बिजनौर पुलिस की हिरासत में प्रेमी दीपक की मौत के मामले में पुलिस आरोपी लड़की के परिजनों को रिमांड पर लेने की तैयारी में है। ताकि युवक की मौत की गुत्थी को आसानी से सुलझाया जा सके। क्योंकि पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि दीपक की हत्या की गई या फिर आत्महत्या की। हालांकि चार आरोपियों को इस मामले में जेल भेजा चुका है।
बिजनौर जिले के स्योहारा थाने में तैनात दरोगा सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव व महिला कांस्टेबल अन्नू के साथ अंबाला से प्रेमी युगल को बरामद किया था। प्रेमी युगल तीन दिन पहले फरार हुआ था। पुलिस टीम के साथ प्रेमिका के परिजन भी साथ में थे। रविवार रात को शामली में गाड़ी खराब होने पर दरोगा सभी को शामली के मोहल्ला दयानंद नगर स्थित अपने घर ले गया था। रात में प्रेमी दीपक (19) निवासी गांव गल्लाखेड़ी थाना स्योहारा जिला बिजनौर की मौत हो गई थी। दरोगा उसका शव लेकर शहर कोतवाली पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। दीपक पर अपने पड़ोस के गांव की 17 वर्षीय किशोरी को बहला फुसलाकर अपहरण करके ले जाने का मामला स्योहारा थाने पर दर्ज कराया गया था।
सोमवार देर रात में दीपक के पिता अरविंद की तरफ से शहर कोतवाली में स्योहारा थाने पर तैनात दरोगा सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव व कांस्टेबल अन्नू के खिलाफ हत्या की साजिश में शामिल होने और किशोरी, उसके पिता, चाचा, मामा के लड़के के खिलाफ हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रेमिका के मामा का लड़का मुरादाबाद का निवासी है और यूपी पुलिस में सिपाही है, वह वर्तमान में बरेली में तैनात है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में दरोगा सुनील कुमार, प्रेमिका के पिता, चाचा और मामा के लड़के को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है, जबकि प्रेमिका के नाबालिग होने के कारण उसे बाल सुधार गृह मेरठ भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, दीपक के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिंग के कारण मौत होना सामने आया है। मगर यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि दीपक ने फांसी लगाई या फिर किसी अन्य ने फांसी लगाकर उसकी हत्या की। जल्द ही लड़की के गिरफ्तार पिता, चाचा को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके लिए कोई में रिमांड याचिका लगाई जाएगी।
- पुलिस ने छानी बिजनौर और सहारनपुर की खाक
कोतवाली पुलिस, एसओजी की टीम ने मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में बुधवार को बिजनौर और सहारनपुर के कई स्थानों पर दबिश दी मगर सफलता हाथ नहीं लग सकी। एसपी रामसेवक गौतम का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इन सवालों के जवाब अभी बाकी
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग के कारण दीपक की मौत होने की बात सामने आई है, मगर हैंगिंग उसने खुद की या फिर किसी अन्य यह अभी तक स्पष्ट नहीं है
- दीपक के परिजनों ने पुलिस पर दीपक को हिरासत में लेने के दौरान घोर यातनाएं देने का आरोप लगाया है, मगर यातनाएं दी गई या नहीं, इसका पता पुलिस अभी तक नहीं लगा पाई है।
- गुमशुदगी दर्ज किए बिना बिजनौर पुलिस प्रेमी युगल को पकड़ने के लिए क्यों अंबाला चली गई, कहीं कोई रुपयों के लालच में तो पुलिस अंबाला नहीं गई थी।
- डाक्टरों के बयान दर्ज करेगी पुलिस
प्रेमी दीपक की मौत के मामले में एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस जल्द ही पोस्टमार्टम करने वाले डाॅक्टरों के बयान दर्ज करेगी। देखा जाएगा कि किस स्थिति में उसका शव लटका मिला। एसपी ने बताया कि जल्द ही बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।