चौसाना। खोड़समा गांव से पिछले चार माह से लापता किशोरी के परिजनों ने बृहस्पतिवार को पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया। मामले में जल्द कार्रवाई न होने पर उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दे डाली।
खोड़समा गांव से एक 16 वर्षीय किशोरी बीती 20 जनवरी से लापता है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करा रखी है। किशाेरी के लापता होने के दो दिन बाद सहारनपुर के खंडलाना गांव के जंगल में बिटौड़े में जले हुए मानव अवशेष मिले थे। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर देख रही थी। इसके चलते पुलिस ने अवशेष और बालिका के परिजनों के डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजे, लेकिन चार माह बाद भी इस मामले में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। बृहस्पतिवार को किशोरी के परिजन चौकी पहुंचे और विरोध जताते हुए हंगामा किया। किशोरी की जल्द बरामदगी की मांग की। पुलिस का कहना है कि अभी डीएनए रिपोर्ट नहीं आई है। इससे पहले इस मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता है। पुलिस की इस दलील से परिजन संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने कहा कि किशोरी का जल्द सुराग नहीं मिला तो वह चौकी पर भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।