देवी मंदिर तालाब पर होगा रावण के पुतले का दहन
शामली, कैराना। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयदशमी पर्व के अवसर पर प्राचीन देवी मंदिर तालाब पर रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा। बनखंडी महादेव मंदिर में पांच मुस्लिम करीगर करीब 15 दिन से तीनों पुतले तैयार करने में लगे हैं।
विजय दशमी पर्व के लिए रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों को बनखंडी महादेव मंदिर में आर्यपुरी निवासी मोहसिन और उनके चार साथी पुतलों को अंतिम रूप देने में लगे थे। मोहसिन ने बताया कि श्रीरामलीला कमेटी ने 50 हजार रुपये में तीनों पुतले तैयार कराए हैं। पिछले 15 दिन से वे पुतले तैयार करने में लगे हैं। पुतलों का सारा सामान भी उन्हें ही लगाना है। केवल पटाखे कमेटी वाले लगाएंगे। रावण का पुतला 40 फुट ऊंचा, मेघनाथ का 35 फुट व कुंभकरण का पुतला 30 फुट का बनाया गया है। वो पिछले कई साल से रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले बनाते चले आ रहे हैं।