सरकार की गाइडलाइन से रामलीला आयोजक खुश
जलालाबाद। सरकार की गाइडलाइन से रामलीला मंचन के कलाकारों एवं आयोजकों में खुशी की लहर है। आयोजक रामलीला के आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं।
शामली जनपद की सबसे प्राचीन रामलीला जलालाबाद में होती है। मंचन को लगभग 150 वर्ष हो चुके हैं और रामलीला मंचन में पांच से लेकर 95 वर्ष तक के कलाकार प्रतिभाग करते हैं। इस बार कोरोना के चलते रामलीला मंचन पर भी काली छाया नजर आ रही थी। लेकिन प्रदेश सरकार ने रामलीला मंचन कराने की गाइडलाइन जारी कर दी है। इससे दर्शकों एवं रामलीला से जुड़े कलाकारों में खुशी की लहर है। कस्बे की पंचायती रामलीला कमेटी के मंच निर्देशक देवराज जुनेजा, अध्यक्ष लाल सिंह भटनागर तथा रामलीला ट्रस्ट द्वारा आयोजित रामलीला के लाला बृजमोहन सिंघल आदि का कहना है कि कस्बे में 150 वर्षों से रामलीला का मंचन होता चला आ रहा है। कोरोना संक्रमण की दहशत से माना जा रहा था कि रामलीला नहीं होगी। लेकिन प्रदेश सरकार की गाइडलाइन से रामलीला कराने के संकेत दिए हैं। इस धार्मिक आयोजन से सर्व समाज में खुशी की लहर है और मंचन की तैयारी प्रारंभ हो गई हैं। कलाकार अपने अभिनय की तैयारी व मंच की सफाई आदि में लग गए हैं। उधर प्राचीन दुर्गा देवी मंदिर में नवरात्रों की दुर्गा पूजा कार्यक्रम की तैयारी में की जा रहीं हैं।