संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। देश के अंतरराष्ट्रीय पहलवानों द्वारा अपनी महिला साथियों पर हुए शोषण को लेकर दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर दिए जा रहे धरने पर रालोद नेता ने परिवार सहित पहुंचकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह उनके आंदोलन में साथ रहेंगे।
दिल्ली में चल रहे पहलवानों के धरने पर पहुंचे रालोद के वरिष्ठ नेता डॉ. विक्रांत जावला ने कहा यदि देश के इतने बड़े खिलाड़ियों के साथ दुर्व्यवहार हो सकता है तो फिर हर मां के मन में अब अपनी बेटी को लेकर चिंताएं होना स्वाभाविक है। भारत सरकार को तुरंत इसका संज्ञान लेकर खिलाड़ियों की मांग स्वीकार कर नियम अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। अलख संस्था की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रिया जावला ने कहा कि वह भी एक मां हैं और महिला खिलाड़ियों का दर्द समझती हैं। इसीलिए वह आंदोलनरत खिलाड़ियों को अपना समर्थन देने के लिए 9 साल की बेटी शनाया, 5 वर्ष के बेटे अभिमन्यु के साथ आई हैं। अंतरराष्ट्रीय पहलवान साक्षी मलिक ने इसके लिए उनका आभार जताया। इस अवसर पर विनोद, दीपक, अजय कुमार, सत्येंद्र, सुनील आदि मौजूद रहे।