शामली। राष्ट्रीय वाल्मीकि समाज प्रतिनिधि मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद झंझोट के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने वाल्मीकि समाज की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। उन्होंने सोमवार को पांच सूत्रीय मांग पत्र पूर्व कैबिनेट गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा को सौंपा।
इसमें प्रदेश नगर की पालिकाओं में संविदा सफाईकर्मियों व ठेका व्यवस्था में कार्यरत सफाईकर्मियों को प्रदेश स्तर पर नियमित करने की मांग की। साथ ही कहा कि प्रदेश के सभी विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरा जाए। नगर पालिकाओं में जिन संविदा सफाईकर्मियों की मृत्यु हुई है। उनके स्थान पर उनके परिजन को ठेका व्यवस्था में रोजगार दिया जाता है। उन्हें संविदा पर ही सफाई कर्मचारी के पद पर रखा जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के वाल्मीकि समाज के लोगों को रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेशों में जाना पड़ता है। ऐसे प्रत्येक परिवार में एक सदस्य को रोजगार दिलाया जाए। प्रत्येक गांव में वाल्मीकि समाज से पांच व्यक्ति सफाई कर्मचारी पद पर रखे जाएं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और लोग स्वस्थ रहेंगे। पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने मुख्यमंत्री तक वाल्मीकि समाज की समस्याओं को पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामस्वरूप वाल्मीकि, राष्ट्रीय सचिव अरुण झंझोट, प्रमोद कश्यप, नंदू प्रसाद वाल्मीकि, वर्गीस झंझोट आदि मौजूद रहे।