कांधला। देहात नई बस्ती में पानी की निकासी नहीं होने के कारण बरसात का पानी लोगों के घरों में घुस गया है, जिसके कारण वे परेशान हो रहे हैं। शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है।
देहात के नई बस्ती निवासी इंतजार, फारुक, मोमिन, डॉ़ नूरुद्दीन, इस्लाम, कय्यूम, इमरान, अनवर, नाजिम, आमीर, रिहान, हाशिम, आसिफ आदि ने बताया कि उनकी बस्ती में पानी की निकासी का कोई भी रास्ता नहीं है। इस कारण बुधवार देर रात हुई बारिश से बरसात का पानी उनके घरों में घुस गया। आरोप है कि ग्रामीणों ने मामले की शिकायत विकास खंड अधिकारी से लेकर ग्राम प्रधान से भी की, मगर आश्वासन के अलावा उनकी समस्या का कोई भी निस्तारण नहीं हो रहा। बस्ती के लोगों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्या का निस्तारण नहीं होता तो है तो कलक्ट्रेट पर पहुंचकर हड़ताल के लिए मजबूर होंगे।