शामली। शहर के मोहल्ला दयानंदनगर में बिजनौर पुलिस की हिरासत में प्रेमी दीपक की मौत के मामले में फरार चल रहे दो पुलिसकर्मियों की तलाश में पुलिस टीम ने बुलंदशहर और सहारनपुर में दबिश दी, लेकिन कोई पकड़ में नहीं आ सका। इस मामले में दरोगा समेत चार आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके है। प्रेमिका को बाल सप्रेक्षण गृह मेरठ भेजा गया था।
पांच दिन पहले बिजनौर जिले के स्योहारा थाने में तैनात दरोगा सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव व महिला कांस्टेबल अन्नू के साथ अंबाला से प्रेमी युगल को बरामद किया था। रविवार रात को शामली में गाड़ी खराब होने पर दरोगा सभी को शामली के मोहल्ला दयानंद नगर स्थित अपने घर ले गया था। रात में प्रेमी दीपक (19) निवासी गांव गल्लाखेड़ी थाना स्योहारा जिला बिजनौर की मौत हो गई थी। दरोगा उसका शव लेकर शहर कोतवाली पहुंचा था। इस मामले में पुलिस दरोगा, प्रेमिका के पिता, चाचा और मामा के लड़के को गिरफ्तार कर लिया था और नाबालिग प्रेमिका को बाल संप्रेक्षण गृह मेरठ भेज दिया था। हेड कांस्टेबल राजीव और महिला कांस्टेबल अन्नू फरार चल रही है। राजीव जिला बुलंदशहर के थाना नरसैना के गांव गुकलाना का रहने वाला है जबकि अन्नू जिला सहारनपुर के देवबंद थानाक्षेत्र के गांव इस्माइलपुर की रहने वाली है। शहर कोतवाली पुलिस की टीम ने दोनों पुलिसकर्मियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे अभी पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस का कहना है कि दोनों की तलाश की जा रही है।