- शामली सहकारी समिति की गन्ना सुरक्षण बैठक में धरना छोड़कर पहुंचे किसानों ने उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
शामली। शामली गन्ना सहकारी समिति की गन्ना सुरक्षण बैठक में धरने में बैठे किसानों ने पहुंच कर हंगामा किया। जिले की मिलों का दूसरी चीनी मिलों को गन्ना आवंटित करने की मांग की। किसानों के हंगामा, शोरशराबा के बाद समिति के सचिव मुकेश राठी ने किसानों से चीनी मिलों के खरीद केंद्रों को बदलवाने का प्रस्ताव तैयार करके डीसीओ के माध्यम से प्रदेश के गन्ना आयुक्त को भिजवाने की संस्तुति करने का आश्वासन दिया।
शामली गन्ना सहकारी समिति में कुड़ाना, सिंभालका के किसानों का पिछले चार दिनों से बेमियादी धरना चल रहा था। कुड़ाना के किसान जयपाल सिंह मलिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। शुक्रवार सुबह 11 बजे टंकी रोड स्थित एक विवाह मंडप में शामली गन्ना सहकारी समिति की ओर गन्ना सुरक्षण बैठक चल रही थी। पुलिस की सुरक्षा में चल रही गन्ना सुरक्षण समिति की बैठक में शामली गन्ना सहकारी गन्ना समिति में धरनारत् किसान संजीव लिलौन, जयपाल सिंह कुडाना, सिभांलका समेत कई गांव के किसान बैठक में पहुंच गए। किसानों के पहुंचते ही बैठक में हंगामा और शोर-शराबा हो गया। किसानों ने शामली चीनी मिल का संपूर्ण गन्ना भुगतान कराए जाने और शामली चीनी मिल के खरीद केंद्र जिले की दूसरी चीनी मिल खतौली, तितावी चीनी मिलाें को दिए जाने की मांग की।
सुबह 11 बजे से लेकर दो बजे तक गन्ना सुरक्षण बैठक में शामली गन्ना परिषद के पूर्व चेयरमैन राजवीर सिंह ने शामली चीनी मिल के अलीपुर, जहानपुर, मायापुर के खरीद केंद्रों को ऊन मिल से संबद्ध किए जाने, मालेंडी के मनोज कुमार ने मालेंडी, ताना, पेलखा गांव के खरीद केंद्रों को सहारनपुर बिडवी चीनी मिल को आंवटित किए जाने की मांग की। इस मौके पर लवली मलिक ने शामली, थानाभवन और ऊन चीनी मिल का संपूर्ण गन्ना भुगतान कराए जाने की मांग की है। शामली चीनी मिल के जीएम केन बलधारी सिंह ने आश्वासन दिया कि शामली चीनी मिल को यदि कोई ग्रांट, ऋण मिल जाए तो संपूर्ण किसानों का गन्ना भुगतान कर सकती है। अन्यथा चीनी मिल शेड्यूल के मुताबिक फरवरी तक किसानों का बकाया गन्ना भुगतान करेगी।
बैठक में शामली गन्ना समिति के सचिव मुकेश राठी ने आश्वासन दिया कि जिले के चीनी मिलों के खरीद केंद्र बदलने के लिए प्रस्ताव उन्हें उपलब्ध कराए दिए जाए, तो डीसीओ विजय बहादुर सिंह के माध्यम से प्रदेश के गन्ना आयुक्त लखनऊ को संस्तुति के साथ प्रस्ताव भिजवा दिए जाएंगे। बैठक में ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक प्रेमनारायण शुक्ला, शामली चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक बलधारी सिह, एजीएम दीपक राणा, ऊन चीनी मिल के महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया, उप गन्ना महाप्रबंधक केपी सरोहा, खतौली मिल के विनेश कुमार त्यागी, देवबंद चीनी मिल के जीएम अनिल पंवार तितावी मिल के जीएम केन के अलावा, शामली गन्ना सहकारी समिति के पूर्व चेयरमेन मनोज मालेंडी, शामली गन्ना परिषद के पूर्व चेयरमेन राजवीर सिंह, संचालक ब्रजेश कुमार,बबलू शेखपुरा, वीरेंद्र सिंह, बुच्चा खेडी, विनोद तोमर झिंझाना आदि मौजूद रहे।