शामली। अपर निदेशक स्वास्थ्य ज्योत्सना वत्स ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई रखने और चिकित्सकों को समय से ओपीडी में मरीजों की जांच कर बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए। एडी हेल्थ सहारनपुर ज्योत्सना वत्स ने बृहस्पतिवार दोपहर को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, पीकू वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट, सिटी स्कैन यूनिट, ओटी आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड में दो मरीज भर्ती मिले। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही वार्ड में धूल होने और बैड पर चादर साफ न मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अस्तपाल में बेहतर सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक समय से ओपीडी में मौजूद रहकर मरीजों की जांच कर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं। इस दौरान सहारनपुर के संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डाॅ. एके सिंह, सीएमओ डा. संजय अग्रवाल, जिला अस्पताल की सीएमएस डा. अंजू जोधा आदि मौजूद रहे।