संवाद न्यूज एजेंसी
ऊन। राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह की रिहाई को लेकर बृहस्पतिवार को तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस बाबत राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम निकिता शर्मा को सौंपा।
तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह को विवादित टिप्पणी करने पर रिपोर्ट दर्ज जेल भेज दिया। इस संबंध में राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन कर टी राजा सिंह के खिलाफ की गई कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताया। जिलाध्यक्ष बालिस्टर छांचियान ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि विधायक टी राजा सिंह ने कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के कार्यक्रम में माता सीता व भगवान राम पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद ऐसा किया था। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। इस तरह एकतरफा कार्रवाई सरासर गलत है। दूसरी ओर, विधायक के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों ने भड़काऊ नारेबाजी की।
यहां जाकिर नाईक व असदुद्दीन ओवैसी ने भी गलत बयानबाजी की, लेकिन उन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विधायक टी राजा सिंह की तत्काल रिहाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में विजय पंवार, योगेंद्र कुमार, एसके वशिष्ठ, अतुल सिंघल, जयनारायण, अमित कुमार, संदीप खोखर, लोकेंद्र कुमार, मुकेश कुमार आदि शामिल रहे।
उठानी पड़ी शर्मिंदगी
राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को उस समय शर्मसार होना पड़ा जब ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम निकिता शर्मा ने कार्यकर्ताओं से उनकी मांग के बारे में पूछा। इस पर वे जवाब नहीं दे पाए। इस पर एसडीएम ने कहा कि जिस कार्य के लिए आए हो उसके बारे में पता होना चाहिए।