मरीजों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे निजी एंबुलेंस चालक
शामली। शहर में अवैध गैस किट लगाकर निजी एंबुलेंस के चालक मरीजों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। शहर में अवैध एलपीजी किट लगी कई निजी एंबुलेंस चल रही है। लोगों ने एआरटीओ को शिकायत कर इन एंबुलेंस की जांच कर कार्रवाई कराने की मांग की है।
शहर निवासी विनीत शर्मा ने शुक्रवार को एआरटीओ रोहित राजपूत को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शहर में कई निजी एंबुलेंस अवैध रूप से एलपीजी गैस किट लगाकर चलाई जा रही है। एंबुलेंस चालक मरीजों की जान की परवाह न करते हुए धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ा रहे हैं। अवैध गैस किट से इन एंबुलेंस से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। शिकायती पत्र पर अवैध गैस किट लगी एंबुलेंस के नंबर भी दिए गए हैं। उन्होंने एआरटीओ से निजी एंबुलेंस में लगी अवैध गैस किट की जांच कर कार्रवाई की मांग की। शिकायती पत्र की प्रति डीएम जसजीत कौर को भी भेजी गई है। इस संबंध में एआरटीओ का कहना है कि अवैध गैस किट लगी एंबुलेंस के बारे में शिकायत मिली है। जिन एंबुलेंस के नंबर दिए गए हैं, वे सभी दूसरे जिलों में पंजीकृत है। इस तरह की एंबुलेंस की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।