पुलिस ने दुकान में खड़े ग्राहकों का बनाया वीडियो
शामली। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण पुलिस ने भी अब सख्ती करनी शुरू कर दी है। पुलिस ने धीमानपुरा स्थित एक मिठाई की दुकान में ग्राहकों की भीड़ लगी देख विक्रेता को फटकार लगाई और चेतावनी देकर छोड़ दिया। सोमवार को कोतवाली प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ बाजारों में दुकानदारों और व्यापारियों को फेस मास्क लगाने और ग्राहकों की भीड़ न लगाकर सोशल डिस्टेंस के साथ सामान देने का अनुरोध किया। इसी बीच धीमानपुरा में पुलिस को एक मिठाई व चाट की दुकान पर ग्राहकों की ज्यादा भीड़ लगी हुई मिली। लोग बिना मास्क के ही दुकान में घुसे हुए थे। पुलिस ने दुकान में भीड़ का वीडियो बनाया और मिठाई विक्रेता को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।