जुमे की नमाज पर कैराना में जामा मस्जिद के उपर निगरानी करता ड्रोन
- फोटो : SHAMLI
जुमे की नमाज को लेकर सतर्क रही पुलिस
शामली/कैराना। अनलॉक-4 में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस सतर्क रही। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई।
शुक्रवार को एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर जुमे की नमाज को लेकर सुबह से ही पुलिस सतर्क रही। शहर में पुलिस ने संवेदनशील इलाकों आजाद चौक, दिल्ली रोड तिमरसा, कैराना रोड, पंसारियान, कलंदरशाह आदि मोहल्लों में पुलिस ने गश्त कर निगरानी की। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई। सभी जगह लोगों ने अनलॉक-4 के नियमों का पालन करते हुए घरों पर नमाज पढ़ी। कैराना में सीओ जितेंद्र कुमार व कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने चौक बाजार, जामा मस्जिद व ईदगाह के निकट ड्रोन कैमरे उड़ाकर निगरानी की। सीओ ने जामा मस्जिद पर पहुंचकर शाही इमाम मौलाना ताहिर से मुलाकात की। मौलाना से अपील की है कि कोई भी धार्मिक स्थल पर एक जगह इकट्ठे होकर नमाज अदा न करें। सीओ ने बताया कि कोरोना संकट के चलते किसी भी तरह के धार्मिक आयोजन सामूहिक रूप से नहीं किए जा सकते। इस दौरान मस्जिदों में भी पूर्व की तरह तीन या चार लोगों ने ही नमाज अदा की। बाकी लोगों ने घर पर नमाज अदा की।