संवाद न्यूज एजेंसी
बाबरी (शामली)। पुलिस ने गांव बंतीखेड़ा में 23 दिन पहले हुई लूट में वांछित दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस और छुरा बरामद किया है। पुलिस ने मुताबिक पकड़े गए बदमाश मुजफ्फरनगर व हापुड़ जिले में हुई वारदातों में शामिल रहे हैं।
बाबरी थानाक्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा में बीती एक जुलाई की रात बदमाशों ने महिला से सोने के कुंडल और गले से सोने का ताबीज लूट लिया था। एसएसपी अभिषेक ने बताया कि 16 जुलाई को थाना बाबरी पुलिस व एसओजी के साथ मुठभेड़ में तीन लुटेरे बंटी, जोगेंद्र उर्फ जोगी व दीपक को गिरफ्तार किया गया था। उनके दो साथी रिंकू निवासी गांव योगेंद्र नगर थाना भोपा जिला मुजफ्फरनगर और संजीत निवासी गांव इनामपुरा थाना मंडावर जिला बिजनौर फरार हो गए थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए बाबरी पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। बाबरी पुलिस ने शनिवार रात चेकिंग के दौरान दोनों बदमाश रिंकू व संजीत को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस और एक छुरा बरामद किया।
एसएसपी के अनुसार पकड़े गए रिंकू व संजीत ने बताया कि उन दोनों के साथ बंटी ने मिलकर थाना ककरौली क्षेत्र के गांव ढांसरी में बीती छह मई की रात अलग-अलग दो मकानों की अलमारी से तीन-तीन जोड़ी सोने के कुंडल चोरी किए थे। बंटी बाहर खड़ा था जबकि वे दोनों मकान के अंदर घुसे थे। इसके अतिरिक्त हापुड़ के थाना कपूरपुर के गांव कृपानगर उर्फ बीघेपुर स्थित एक मकान से मोबाइल, एक जोड़ी कुंडल, दूसरे मकान से एक जोड़ी कुंडल व तीसरे मकान से एक मोबाइल फोन व चौथे मकान से एक जोड़ी कुंडल, नकदी चोरी किए। वहीं, गांव के पुजारी से रुपये छीन लिये थे। उन्होंने मोबाइल रास्ते में खेत में फेंक दिए थे। वहीं, लूटे गए कुंडलों को बेच दिया था। एसएसपी के मुताबिक रिंकू ने बताया कि उससे बरामद तमंचे से उसने एक सप्ताह पहले मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग की थी। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बदमाशों का चालान कर दिया है।