कैराना। सराफा व्यापारी से दो लाख की रंगदारी के मामले में दो साल से फरार चल रहे आरोपी के घर पर पुलिस ने अदालत से आदेश प्राप्त करने के बाद कुर्की कार्रवाई की। 2017 में सराफा व्यापारी रामअवतार वर्मा को रंगदारी की धमकी के बाद पुलिस ने फुरकान निवासी कैराना सहित तीन बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। फुरकान को पुलिस ने पहले ही जेल भेज दिया था जबकि आरिफ निवासी तीतरवाड़ा ने 22 अक्तूबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। रविवार को पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी फरमान निवासी आर्यपुरी देहात बस्ती के घर पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि आरोपी के घर की चल सम्पत्ति की लिस्ट तैयार करके सामान गांव के ही तीन लोगों की सपुर्दगी में दे दिया है।