शामली। ऊर्जा निगम में लाइनमैन से लेकर मीटर रीडर की फर्जी भर्तियां निकालने के मामले में एक पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां और विभागीय अधिकारी भी मामले की जांच में जुट गए हैं। एक युवक पुलिस के रडार पर है। जल्द गिरोह का भंड़ाफोड हो सकता है।
अमर उजाला ने पेज 5 पर ऊर्जा निगम में निकाल दी फर्जी भर्तियां, जांच शुरू नामक शीर्षक से 9 मार्च के अंक में प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की थी। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही विभागीय अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। झिंझाना के पीड़ित अहमद से भी अधिकारियों ने जानकारी ली। अहमद ने थाने में तहरीर देकर ऊर्जा निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर 45 हजार की धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से वह ठगों के बहकावे में आया और कांधला में आरोपी से मिलकर रुपये दिए। इस मामले में पुलिस के रडार पर एक युवक आ गया है, जिसे जल्द ही पकड़ा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि युवक के सहारे गिरोह का पूरी तरह से भंड़ाफोड किया जाएगा।