शामली। जनपद में बने पांच पीएम श्री विद्यालयों में जल्द ही बालवाटिका और दिव्यांग शौचालयों के साथ-साथ चार अतिरिक्त कक्ष बनेंगे। इसके लिए 25 प्रतिशत धनराशि विभाग को अवमुक्त करा दी गई है। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमारी कोमल ने बताया कि जनपद में पांच पीएम श्री विद्यालय हैं। इनमें विकास कार्य कराया जाना है, जिसके लिए 25 प्रतिशत धनराशि अवमुक्त करा दी गई। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में दिव्यांग शौचालयों के साथ बाल वाटिका और कई अतिरिक्त कक्ष बनने हैं। इसमें जूनियर हाईस्कूल मंडावर कैराना, कन्या जूनियर हाईस्कूल डूंडूखेड़ा कांधला, थानाभवन के जूनियर हाईस्कूल अंबेहटा याकूबपुर, ऊन में जूनियर स्कूल बल्ला माजरा व झिंझाना के प्राथमिक स्कूल नंबर एक में एक-एक दिव्यांग शौचालय बनेंगे। वहीं कैराना, थानाभवन, ऊन व झिंझाना के स्कूलों में एक-एक बालवाटिका बनाई जाएगी। इसके साथ ही कांधला और झिंझाना में एक-एक अतिरिक्त कक्ष और ऊन के स्कूल में दो अतिरिक्त कक्ष बनेंगे। उन्होंने बताया कि शौचालयों के लिए 1 लाख 93 हजार 375 रुपये, चार बालवाटिका के लिए 14 लाख 39 हजार और चार अतिरिक्त कक्षों के लिए 9 लाख रुपये अवमुक्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह राशि 25 प्रतिशत है। जल्द ही सभी स्कूलों में कार्य शुरू हो जाएगा।