जलालाबाद क्षेत्र में फोटोग्राफर से लूट के बाद एकत्र ग्रामीण।
शामली, जलालाबाद। इस्माइलपुर गांव के पास रात करीब साढ़े नौ बजे तीन बदमाशों ने एक फोटोग्राफर से लूटपाट की। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर खेत में फेंक दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस देर रात जंगल में ग्रामीणों के साथ बदमाशों की तलाश कर रही थी।
क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी रजनीश सैनी फोटोग्राफर है। शुक्रवार शाम को वह नजदीक के गांव अलीपुरा में एक जन्मदिन की कवरेज करने के लिए गया था। रात्रि करीब सवा नौ बजे वह अलीपुरा से बाइक पर हसनपुर लुहारी के लिए वापस चला। रास्ते में इस्माइलपुर गांव के निकट तीन बदमाशों ने उस पर डंडे से प्रहार कर बाइक समेत नीचे गिरा दिया। इसके बाद उसका कैमरा और मोबाइल लूट लिया। लूटपाट के बाद बदमाशों ने रजनीश को रस्सी से बांधकर खेत में फेंक दिया और फरार हो गए।
किसी तरह बंधन से मुक्त होकर रजनीश गांव पहुंचा और ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस में हडकंप मच गया। चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में जुट गई। सीओ ने बताया कि पुलिस घटना की जानकारी ले रही है। सही जानकारी के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।